स्त्रियां

पढ़ा गया हमें
जैसे पढ़ा जाता है कागज
बच्चों की फटी कापियों का
चनाजोर गरम के लिफाफे बनाने के पहले!
देखा गया हमको जैसे कुफ्त हो उनींदे
देखी जाती है कलाई घड़ी
अलसुबह अलार्म बजने के बाद!
सुना गया हमको
यों ही उड़ते मन से
जैसे सुने जाते हैं फिल्मी गाने
सस्ते कैसेटों पर ठसाठस ठुंसी हुई बस में!
भोगा गया हमको
बहुत दूर के रिशतेदारों के
दुख की तरह!
एक दिन हमने कहा
हम भी इंसान हैं-
हमें कायदे से पढ़ो एक-एक अक्षर
जैसे पढ़ा होगा बीए के बाद
नौकरी का पहला विज्ञापन!
देखो तो एसे
जैसे ठिठुरते हुए देखी जाती है
बहुत दूर जलती हुई आग!
सुनो हमें अनहद की तरह
समझो जैसे समझी जाती है
नई-नई सीखी हुई भाषा!
इतना सुनना था कि अधर में लटकती हुई
एक अदृशय टहनी से
टिडियां उड़ीं और रंगीन अफवाहें
चीखती हुई चीं चीं
दुष्चरित्र महिलाएं-दुष्चरित्र महिलाएं
किन्हीं सरपरस्तों के दम पर फूली फैली
अगरधत्त जंगली लताएं!
खाती-पीतीं सुख से उबी
बेकार बेचैन आवारा महिलाओं का ही
शगल हैं ये कहानियां और कविताएं
फिर ये इन्होंने थोड़े ही लिखी हैं!
(कनखियां इशारे फिर कनखी)
बाकी कहानी बस कनखी है।
हे परमपिताओं, परत पुरुषों
बख्शो बख्शो अब हमें बख्शो
-अनामिका

2 comments:

डॉ .अनुराग ने कहा…

अनामिका जी के पास एक विलक्षण गुण है ....कहने का .....उनकी इस विषय पर ढेरो अद्भुत कविताएं है

शरद कोकास ने कहा…

अनामिका जी की यह कविता मेरी पसन्दीदा कविताओं में से है ।